
अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने लगातार चौथी बार गुजरात को फतह कर लिया है। पार्टी ने ताजा समाचार मिलने तक पूर्ण बहुमत लायक सीटें भी जीत ली हैं।भाजपा ने खबर लिखे जाने तक राज्य विधानसभा की 182 सीटों में से 103 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया। पूर्ण बहुमत के लिए 93 सीटों की जरूरत पड़ती है।
अब नरेन्द्र मोदी का तीसरी बार मुख्यमंत्री बनना तय है। उनका शपथ ग्रहण समारोह 27 नवम्बर को गांधी नगर के सरदार पटेल स्टेडियम में आयोजित किया गया है। कांग्रेस अभी तक 54 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। उसे 60 या 61 सीटें मिलने की उम्मीद है। अन्य पार्टियों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को एक स्थान पर जीत हासिल हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के केन्द्रीय मंत्री दिनशा पटेल को हरा दिया है। राज्य की शिक्षा मंत्री आनंदीबेन पटेल पाटन विधानसभा सीट पर चुनाव जीत गई हैं।
इधर कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी हार को स्वीकार करते हुए भाजपा की जीत को ‘निराशाजनक’ बताया।विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि गुजरात चुनाव परिणामों से हमें गहरी निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिणामों का अध्ययन करेगी ताकि गलती कहां हुई, इसका पता लगाया जा सके। कांग्रेस महासचिव और गुजरात के प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद ने पार्टी की हार की जिम्मेदारी स्वीकार की है। उन्होंने कहा ‘मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं। यह मेरी असफलता है।’
उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि भाजपा असंतुष्टों के बारे पार्टी का गणित गलत साबित हुआ। पार्टी ने सोचा था कि भाजपा असंतुष्ट चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने गुजरात का मॉडल राज्य बनाया है। पार्टी महासचिव अरुण जेटली ने कहा कि टीम भाजपा ने मैच जीता तथा मोदी मैन ऑफ द मैच रहे। साभार- http://www.josh18.com/
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें